Breaking News
मोदी करेंगे देश भर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 38वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिल्ली भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। छह अप्रैल की शाम साढ़े 4.30 बजे वे देश भर से चुने गए पांच लोकसभा क्षेत्रों के हजारों बूथ कार्यकर्ताओं सहित 734 भाजपा जिलाध्यक्षों एवं उनकी सम्बंधित टीम के साथ ‘नरेन्द्र मोदी एप’ के माध्यम से सीधा संवाद करेंगे एवं विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे।
जिन पांच लोकसभा क्षेत्रों का चुनाव किया गया है उनमें मीनाक्षी लेखी के लोकसभा क्षेत्र नई दिल्ली, मनोज तिवारी के लोकसभा क्षेत्र उत्तर पूर्व दिल्ली, पूनम महाजन के लोकसभा क्षेत्र उत्तर मध्य मुंबई, अनुराग ठाकुर के लोकसभा क्षेत्र हमीरपुर और राजीव प्रताप रूडी के लोकसभा क्षेत्र सारण के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मोदी एप के माध्यम से वार्तालाप करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ इस वार्ता के दौरान उनके विचार भी सुनेंगे और केंद्र सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं को भी उनके साथ साझा करेंगे। इस संवाद कार्यक्रम में मोदी कार्यकर्ताओं के सवालों के उत्तर भी देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी हमेशा से तकनीक के सदुपयोग पर बल देते रहे हैं। अब इस तकनीक का प्रयोग वे संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने और बूथ-स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने के लिए कर रहे हैं।
भाजपा का कहना है कि 11 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ वह आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। ऐसे में कार्यकर्ताओं के महत्व को समझते हुए उससे संवाद के सभी आयामों से संपर्क जीवंत बनाए रखा जाता है।
यह भी पढ़ें: जीएसटी और ई-वे बिल के खिलाफ उबले व्यापारी, दिया धरना